पिछले लोकसभा चुनाव के अपने घोषणा पत्र को टटोलें अरुण सूद व किरण खेर, 80 फीसदी भी वायदे पूरे नहीं हुएः सतीश कैंथ

पूर्व पार्षद ने कहा- अब तक के सबसे असफल मेयर साबित हुए हैं अनूप गुप्ता, चंडीगढ़ से अबकी बार भाजपा की विदाई तय

CHANDIGARH, 4 SEPTEMBER: पूर्व पार्षद सतीश कुमार कैंथ ने आज भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद और सांसद किरण खेर को पिछले लोकसभा चुनाव में जारी किए गए अपने घोषणा पत्र को टटोलना चाहिए और देखना चाहिए कि उस समय जो वायदे किए गए थे, उनमें से आज तक 80 फीसदी भी पूरे नहीं हुए हैं।

सतीश कैंथ ने कहा कि भाजपा मेयर अनूप गुप्ता आज तक के मेयरों में सबसे असफल मेयर साबित हुए हैं। हाल ही में नगर निगम कमिश्नर ने सभी विकास कार्यों के टेंडरों पर रोक लगा दी है, जबकि पिछले विकास कार्य करवाने के लिए भी नगर निगम के पास फंड नहीं है। सांसद किरण खेर भी अपनी जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह असफल साबित हुई हैं। सांसद किरण खेर अब शहर से गायब हैं। कैंथ ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में पानी, बिजली के बिल बढ़े हैं। कम्युनिटी सेंटर, जो आम लोगों के लिए बनाए गए थे, वह 5 साल पहले 5000 रुपए में शादी या किसी भी कार्यक्रम के लिए बुक हो जाता था। आज वही कम्युनिटी सेंटर 50 से 60 हजार रुपए में बुक हो रहे हैं।

कैंथ ने कहा कि इस समय चंडीगढ़ का हर वर्ग परेशान है। व्यापारियों के शोरूम सील किए जा रहे हैं। हाउसिंग बोर्ड के मकानों में रह रहे लोगों को लगातार नोटिस भेजे जा रहे हैं। पुनर्वास योजना के तहत मिले हुए मकानों को सर्वे के नाम पर कालोनीवासियों को डराया जा रहा है। नगर निगम द्वारा शहर के रेडी-फड़ी वालों को लगातार परेशान किया जा रहा है। पहले गलत सर्वे करवाकर उनको बेरोजगार किया गया, अब उनके लगातार चालान काटे जा रहे हैं। नगर निगम में लगातार भ्रष्टाचार बढ़ रहा है।

पूर्व पार्षद सतीश कैंथ ने कहा कि शहर में चर्चा है कि अब भाजपा के नेता खुद ही अगले लोकसभा चुनाव में किरण खेर को टिकट न देने की मांग कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि किरण खेर तो क्या, अब भाजपा की ही चंडीगढ़ से विदाई होना तय है। वह अब फिर से चुनाव नहीं जीत सकती। भारतीय जनता पार्टी ने कॉलोनीवासियों तक को धोखा दिया है।

error: Content can\\\'t be selected!!