राजकीय मॉडल हाईस्कूल सेक्टर 28-सी में आयोजित किया गया कार्यक्रम
CHANDIGARH, 10 JULY (ANewsoffice): पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए भारत विकास परिषद के केंद्रीय जोन ने आज राजकीय मॉडल हाईस्कूल सेक्टर 28-सी चंडीगढ़ में पौधारोपण किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में लगभग 20 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में विद्यालय की कार्यवाहक मुख्याध्यापिका श्रीमती अंजू गुप्ता, समन्वयक सुश्री मनीषा शर्मा और श्रीमती मीना समेत विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों, समाजसेवियों तथा विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर भारत विकास परिषद चंडीगढ़ के पर्यावरण संयोजक जसज्योत सिंह अलमस्त एवं नेबरहुड डेवलपमेंट एसोसिएशन के चेयरमैन अशय लांबा ने संयुक्त वक्तव्य में कहा कि पौधारोपण जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने, वायु गुणवत्ता में सुधार लाने तथा जैव विविधता के संरक्षण का सबसे प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि लगाया गया प्रत्येक पौधा स्वस्थ एवं हरित भविष्य की ओर एक महत्वपूर्ण निवेश है। उन्होंने विद्यार्थियों से इन पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भारत विकास परिषद ईस्ट-1 की अध्यक्ष श्रीमती नीलम गुप्ता, आरडब्ल्यूए सेक्टर 27-डी चंडीगढ़ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमरदीप सिंह सहगल, अनु सिंगला तथा डेजी महाजन विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने सामूहिक प्रयासों से पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

