वार्ड-4 में कांग्रेस की जनसभा के दौरान आमने-सामने आए भाजपाई व कांग्रेसी, एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी से स्थिति बनी तनावपूर्ण

कांग्रेस उम्मीदवार जन्नत जहां बोलीं-बौखला गई है BJP

CHANDIGARH: वार्ड नम्बर-4 के अंतर्गत इंदिरा कालोनी मार्केट में आज कांग्रेस पार्टी की ओर से आयोजित एक जनसभा के दौरान भाजपा व कांग्रेस समर्थक आमने-सामने आ गए। बताया जाता है कि कांग्रेस उम्मीदवार जन्नत जहां उर्फ नैना चौधरी के समर्थन में यहां आयोजित की जा रही जनसभा के स्थल पर कुछ भाजपा कार्यकर्ता पहुंच गए और सभा में बाधा डालने की कोशिश की। इसके विरोध में सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता भी भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आखिरकार मौके पर मुस्तैद पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को मौके से हटा दिया।

वार्ड नम्बर-4 से कांग्रेस पार्टी की उम्मीदवार जन्नत जहां उर्फ नैना चौधरी का कहना है कि वार्ड में उनको मिल रहे जबरदस्त जनसमर्थन और उनकी सभाओं में जुट रही भारी भीड़ से भाजपा पूरी तरह से बौखला गई है।

इस बीच जनसभा को कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल, पंजाब के कैबिनेट मंत्री डॉ. राजकुमार वेरका, केपी के अलावा अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने सम्बोधित किया। इन नेताओं ने कहा कि वार्ड-4 में जन्नत जहां की जीत पक्की है। भाजपा ने इस शहर को ही नहीं, बल्कि इस देश को बर्बाद करके छोड़ दिया है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल ने कहा कि सेग्रीगेशन के नाम पर पैसा बर्बाद किया है। छोटे-छोटे डिब्बे दे दिए। करोड़ों रुपए खर्च किया। मशीनों का मोहाली में इस्तेमाल हो रहा है, जबकि चंडीगढ़ से सौतेला व्यवहार किया। इसी कारण चंडीगढ़ स्वच्छता सर्वेक्षण में 66 वें नंबर पर आया। ओडीएफ के लिए जो टायलेट लगाई वह थर्ड क्लास थी। चंडीगढ़ गंदगी का शहर बन गया, सिटी अब ब्यूटीफुल नहीं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली फाइनेंस कमीशन के हिसाब से 1200 करोड़ मिलने चाहिए, लेकिन 564 करोड़ ही मिल रहे हैं। सरकार अनदेखी कर रही है। टैक्स का बोझ लाद दिया और बजट में कटौती कर दी।

error: Content can\\\'t be selected!!