पार्किंग फीस पर अब भाजपा ने AAP और कांग्रेस को दिया तीखा जवाबः दिल्ली व हिमाचल में बाहरी गाड़ियों से एंट्री फीस लेने वाली पार्टियों को चंडीगढ़ में शोर मचाने का हक नहीं

कहा- हमेशा दोगली राजनीति करते हैं कांग्रेस व आम आदमी पार्टी के नेता, चार पहिया वाहनों की पार्किंग फीस पर विवाद करने वालों को टू व्हीलर की फ्री पार्किंग नजर नहीं आती

CHANDIGARH, 1 AUGUST: चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा ने शहर में वाहनों की पार्किंग फीस को लेकर पैदा हुए विवाद को गैर जरूरी बताते हुए इसे कांग्रेस व आम आदमी पार्टी की दोगली नीति का परिणाम बताया है। साथ ही इन दोनों पार्टियों पर तीखा हमला बोलते हुए स्पष्ट कहा है कि चंडीगढ़ पर पंजाब व हरियाणा का जितना हक पहले था, उतना ही अधिकार अब भी है।

आज यहां जारी एक बयान में भाजपा के प्रदेश महामंत्री रामवीर ने कहा कि कांग्रेस व आम आदमी पार्टी की हमेशा ही दोगली नीति रही है। इनको केवल विरोध करने के लिए विरोध करना होता है। इन पार्टियों के लोगों को शहर में दो-पहिया वाहन व इलेक्ट्रॉनिक वाहनों की पार्किंग फ्री किए जाने का फैसला नजर नहीं आता, जिससे शहर के हजारों लोगों को फायदा हुआ है। इसके अलावा चंडीगढ़ के साथ पंचकूला व मोहाली (ट्राइसिटी) में रहने वाला कोई भी व्यक्ति डबल पार्किंग फीस के फैसले से प्रभावित नहीं हुआ है। ट्राइसिटी के लोगों से एक समान फीस ली जाएगी।

भाजपा नेता ने कहा कि बाहरी राज्यों के चार पहिया वाहनों से डबल पार्किंग फीस लेना कहीं से भी गलत नहीं है। क्या हिमाचल प्रदेश, जहां कांग्रेस की सरकार है, में एंट्री के नाम पर बाहरी राज्यों के वाहनों से फीस नहीं ली जाती। इसी प्रकार दिल्ली में भी, जहां आम आदमी पार्टी की सरकार है, वहां बाहरी कमर्शियल वाहनों से एंट्री फीस ली जाती है। लिहाजा, कांग्रेस व आम आदमी पार्टी को चंडीगढ़ में पार्क शोर मचाने का कोई हक नहीं है। उन्होंने कहा कि डबल पार्किंग फीस को बिना मतलब के राजनीतिक मुद्दा बनाया जा रहा है, जबकि पार्किंग के एजेंडे को पास करवाकर मेयर अनूप गुप्ता ने बहुत ही सराहनीय कार्य किया है। इसके लिए भाजपा मेयर व नगर निगम के अधिकारियों का धन्यवाद करती है, जिनके प्रयास से ट्राइसिटीवासियों को राहत मिली है।

भाजपा नेता ने आम आदमी पार्टी व कांग्रेस के नेताओं को याद दिलाते हुए कहा कि आज शोर मचाने वाले ये नेता चंडीगढ़ के मेयर तथा अपनी पार्टी के अध्यक्ष भी रहे हैं। चंडीगढ़ में पार्किंग फीस कांग्रेस के राज में लगी थी, वे बताएं कि उन्होंने पार्किंग के मुद्दे पर क्या किया है। भाजपा नेता ने आदमी पार्टी व कांग्रेस को इस प्रकार के राजनीतिक विरोध से गुरेज करने को कहा। उन्होंने कहा कि ये लोग कभी भी जनहित की बात नहीं करते, केवल विरोध के लिए विरोध करने के आदी हो चुके हैंं। हर वक्त दोगलापन दिखाते हैं। जनता इनकी बातों को समझ रही है। इनकी ऐसी हरकतों के कारण ही 2024 में जनता फिर से इनको सबक सिखाने वाली है।

भाजपा नेता ने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी डबल पार्किंग फीस के फैसले को चंडीगढ़ के ऊपर पंजाब के हक पर हमला बता रही है, जबकि ऐसा कुछ नहीं है। चंडीगढ़ पर पंजाब व हरियाणा का जितना हक पहले था, उतना ही अधिकार अब भी है। भाजपा नेता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का तो स्टैंड हमेशा से ही स्पष्ट रहा है कि चंडीगढ़ यूनियन टेरिटरी है और यूनियन टेरिटरी ही रहना चाहिए। इसके विपरीत क्या कांग्रेस तथा आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ के बारे में अपना स्टैंड क्लियर करने की हिम्मत रखते हैं। अगर रखते हैं तो वह इस पर भी स्टैंड क्लियर करें। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस व आम आदमी पार्टी के नेता चंडीगढ़ पर पंजाब के हक की बात करते हैं तो वे चंडीगढ़ को केंद्र शासित प्रदेश रखे जाने के पक्ष में कैसे हो सकते हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!