चंडीगढ़ के प्रशासक ने वरिष्ठ व्यापारी नेता राजन महाजन को स्वतंत्रता दिवस पर किया सम्मानित

CHANDIGARH: चंडीगढ़ व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ व्यापारी नेता राजन महाजन को चंडीगढ़ प्रशासन ने सम्मानित किया है। देश के 75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सेक्टर-17 स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित किए गए मुख्य समारोह में चंडीगढ़ के प्रशासक एवं पंजाब के राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर ने राजन महाजन को समाज कल्याण के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुरस्कृत किया।

उल्लेखनीय है कि चंडीगढ़ व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष राजन महाजन अब तक 94 बार रक्तदान कर चुके हैं और शीघ्र ही वह रक्तदान का शतक पूरा कर लेंगे। राजन महाजन सेक्टर 24-डी मार्केट एसोसिएशन के प्रधान भी हैं और व्यापारियों तथा समाज हित के कार्यों में लंबे समय से सक्रिय भागीदारी निभाते आए हैं। चंडीगढ़ के प्रशासक की ओर से सम्मानित किए जाने पर चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं मनोनीत पार्षद चरनजीव सिंह, संरक्षक दिवाकर साहूजा, पूर्व अध्यक्ष अनिल वोहरा समेत व्यापार मंडल के तमाम पदाधिकारियों ने राजन महाजन को बधाई देते हुए कहा कि व्यापारियों तथा समाज कल्याण के क्षेत्र में राजन महाजन जिस तरह से अपनी सेवाएं देते आ रहे हैं, उसके लिए वह वाकई इस सम्मान के हकदार थे।

error: Content can\\\'t be selected!!