केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के खिलाफ चंडीगढ़ कांग्रेस ने किया जोरदार प्रदर्शन

मंत्री का यह व्यवहार दुनिया में भारतीय महिलाओं की सौम्य छवि को बदनाम करने के लिए पर्याप्त: लक्की

CHANDIGARH, 28 JULY: चण्डीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की के नेतृत्व में कांग्रेस वर्करों ने आज संसद में भाजपा की मंत्री स्मृति ईरानी द्वारा सोनिया गांधी के प्रति कथित अभद्र एवं शर्मनाक व्यवहार करने को लेकर यहां जोरदार प्रदर्शन कर भारी विरोध प्रकट किया। लक्की ने कहा कि मंत्री का यह व्यवहार दुनिया में भारतीय महिलाओं की सौम्य छवि को बदनाम करने के लिए पर्याप्त है।

लक्की ने स्मृति ईरानी पर अनियंत्रित और गुंडों जैसा व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए ईरानी की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि ईरानी अकारण सोनिया गांधी पर अभद्र भाषा में चिल्लायीं, जब सोनिया गांधी लोकसभा के भीतर एक अन्य महिला सांसद के साथ बात कर रहीं थीं।

हरमोहिंदर सिंह लक्की ने भाजपा द्वारा कांग्रेसी सांसद अधीर रंजन चौधरी की आलोचना करने की भी निंदा की, जिन्होंने अनजाने में हिन्दी भाषा का ज्ञान कम होने के कारण भारत के राष्ट्रपति के पदनाम को बोलने में गलती कर दी। अपनी जुबान फिसलने का एहसास होते ही चौधरी ने अनजाने में हुई गलती के लिए तुरंत माफी मांग ली थी।

लक्की ने कहा कि कांग्रेस सांसद की इस गलती को भाजपा देश में बढ़ती कीमतों और बिगड़ती आर्थिक स्थिति से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए तूल दे रही है, क्योंकि किसी भी कीमत पर भाजपा देश के सामने खड़े गम्भीर मुददों पर बहस नहीं होने देना चाहती, जो कि निन्दनीय है।

error: Content can\\\'t be selected!!