नारी न्याय के तहत महिलाओं के लिए कांग्रेस ने जारी कीं 5 गारंटियां

केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनी तो गरीब महिलाओं को हर साल एक लाख रुपए मिलेंगेः दीपा दुबे

CHANDIGARH, 16 MARCH: चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष दीपा दुबे ने आज कहा कि कांग्रेस की नारी न्याय गारंटी स्कीम महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक विकास, समान अधिकार एवं सुरक्षा की दिशा में अहम कदम है। इसके कारण महिलाएं सशक्त बनेंगी। उनको अधिकार मिलेंगे। दीपा दुबे ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा तो महिला विरोधी पार्टी है। नारी शक्ति का अपमान मोदी सरकार के राज में बहुत बार हुआ है। चंडीगढ़ और देश में महिला शोषण विभिन्न रूपों में हो रहा है लेकिन सरकार के लिए यह विषय चिंता का नहीं है ‌।

यहां सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन में आज एक प्रेस कांफ्रैंस को संबोधित करते हुए प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे ने दावा किया कि अगर लोकसभा चुनाव में महिलाओं का अपेक्षित रूप से कांग्रेस पार्टी को आशीर्वाद और बहुमत मिलता है तो केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनते ही नारी न्याय की ये पांचों गारंटियां पूरी की जाएंगी और देश की आधी आबादी को पूरा हक दिलवाया जाएगा। दीपा दुबे ने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि महालक्ष्मी गारंटी के तहत गरीब परिवारों की हर एक महिला को सालाना एक लाख रुपए की मदद दी जाएगी। यह पैसा सीधे महिलाओं के बैंक अकाउंट में आएगा।

उन्होंने कहा कि आधी आबादी-पूरा हक गारंटी के तहत केंद्र सरकार में सभी नई भर्तियों में आधा हिस्सा महिलाओं के लिए आरक्षित किया जाएगा। शक्ति का सम्मान गारंटी में आशा, आंगनवाड़ी और मिड-डे मील बनाने वाली महिलाओं के मासिक वेतन में केंद्र सरकार का योगदान दोगुना किया जाएगा। अधिकार मैट्रिक गारंटी में सभी पंचायतों में एक अधिकारी नियुक्त करेंगे, जो महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देंगे और इन अधिकारों को लागू करने में मदद करेंंगे।

दीपा दुबे ने कहा कि सावित्री बाई फुले होस्टल गारंटी के तहत केंद्र सरकार देश में कामकाजी महिलाओं के लिए होस्टल की संख्या दोगुनी करेगी, जिले में कम से कम एक होस्टल होगा। चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे ने कहा कि आज कांग्रेस के नेता राहुल गांधी देश में भारत जोड़ो न्याय यात्रा कर रहे हैं, जिसमें महिलाओं के लिए यह गारंटी नारी न्याय के तहत दी गई हैं। इस प्रेस वार्ता में डेजी वालिया, गीता देवी, मीनू भी मौजूद थीं।

error: Content can\\\'t be selected!!