कांग्रेस का सड़क आंदोलन भी पड़ा ठंडाः आज सेक्टर-7 में प्रतीकात्मक रह गया BJP विरोध, डड्डूमाजरा में भी केंद्रीय मंत्री को काले झंडे दिखाने पहुंचे गिनती के कांग्रेसी

CHANDIGARH: पिछले 22 दिन में दो बार पानी आंदोलन और एक बार सड़क आंदोलन के दौरान भाजपाइयों के मजबूत विरोध व पुलिस के पानी की मार खाने के बाद चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने अपने आंदोलन की कथित रणनीति ऐसी बदली कि आज कांग्रेस का यह आंदोलन प्रतीकात्मक बनकर रह गया। टूटी-फूटी सड़कों को लेकर इलाके के भाजपा पार्षद के खिलाफ आज कांग्रेस के चौथे कार्यक्रम में 50 कांग्रेसी भी नहीं जुटे। लिहाजा, अब कांग्रेस का भाजपा विरोध महज औपचारिकता में सिमटता दिख रहा है। इसकी एक और बानगी आज ही डड्डूमाजरा में भी दिखी, जहां भाजपा की कोविड टीकाकरण हेल्प डैस्क का उदघाटन करने आए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को काले झंडे दिखाने के लिए भी गिनती के कांग्रेसी पहुंचे। हालांकि पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इनकी संख्या खुद कांग्रेस ने मात्र 14 बताई है।

नेतृत्व परिवर्तन के बाद पार्टी में नई ऊर्जा पैदा करने का था दावा

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस में पिछले महीने नेतृत्व परिवर्तन के बाद शहर में कांग्रेस के भीतर नई ऊर्जा व नई ताकत पैदा करने के दावे किए जा रहे थे। इस बदलाव का असर दिखाने के लिए नए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने शहर में भाजपा के खिलाफ बड़ा आंदोलन खड़ा करने की रूपरेखा भी बनाई। इसे दिसम्बर में होने वाले नगर निगम चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा था, क्योंकि चंडीगढ़ नगर निगम की सत्ता पर इस समय भाजपा का कब्जा है। लिहाजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने शहर में पानी की बढ़ी दरों को लेकर अपने नेतृत्व में भाजपा के खिलाफ पहले आंदोलन की शुरुआत गत 28 फरवरी को की। पहले सेक्टर-37, फिर सेक्टर-45 में पानी आंदोलन के तहत कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इनमें कांग्रेसजनों की भीड़ भी खासी जुटी तो भाजपाई भी बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों के सामने डट गए। हालांकि चंडीगढ़ पुलिस की सूझबूझ से कोई टकराव नहीं हो पाया लेकिन इसके बाद नगर निगम सदन की मीटिंग में पानी की बढ़ी दरों को कम करने का प्रस्ताव पास कर भाजपा ने कांग्रेस के इस आंदोलन को ठंडा कर दिया। ऐसे में कांग्रेस ने पानी को छोड़ टूटी-फूटी सड़कों का मुद्दा पकड़ लिया और पिछले हफ्ते सेक्टर-26 के बापूधाम इलाके में भाजपा पार्षद के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का वही तरीका दोहराया तो भाजपाइयों की चुनौती के बीच पुलिस ने वाटर कैनन की टोंटियां इतनी तेज खोल दीं कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता तो रेहड़ियों के पीछे दुबकने को मजबूर हो गए।

अबकी बार सड़क किनारे दरी बिछाकर बैठ गए कांग्रेसजन

आज चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने सड़क आंदोलन का दूसरा कार्यक्रम सेक्टर-7 में आयोजित किया लेकिन इसमें जुटी कांग्रेसजनों की संख्या को देखकर माना जा रहा है कि कांग्रेस का यह सड़क आंदोलन भी ठंडा पड़ने लगा है। आज सेक्टर-7 में टूटी-फूटी सड़क व गड्ढे दिखाने के लिए सेक्टर 7-B के जिस स्थान को चुना गया, वहां कांग्रेसजन पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चावला और मुख्य प्रवक्ता एवं पूर्व डिप्टी मेयर हरमोहिंदर सिंह लक्की के नेतृत्व में सड़क के किनारे दरी बिछाकर बैठ गए। सड़क के गड्ढों में भाजपा के चुनाव चिह्न कमल के फूल के बोर्ड लगा दिए गए और भाजपा व नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता एसएस लक्की का कहना है कि इस कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष ईश शर्मा और युवा कांग्रेस नेता करनबीर सिंह कन्नू ने किया था।

ये नेता रहे मौजूद

CRB स्कूल के सामने की सड़क पर किए गए इस कार्यक्रम के दौरान बैनर पर लिखा गया “सड़कों में गड्ढे, गड्ढे में धूल, हमारी भूल कमल का फूल।” इस मौके पर नगर निगम में विपक्ष के नेता देविंदर सिंह बबला, पार्षद रविंद्र कौर गुजराल, विजय राणा, हाफिज अनवारुल हक, अमरजीत गुजराल, युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गुरप्रीत गाबी, पार्टी प्रवक्ता हरमेल केसरी, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष लव कुमार, महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मीनाक्षी चौधरी, साहिल दुबे, सरोज शर्मा अजित कुमार गोलू, प्रदीप कुमार, गोविंद कुमार, प्रदीप रावत, बीआर गिल, अमित बत्रा, नीतीश आदि मौजूद थे।

आने वाले दिनों में और अधिक प्रदर्शन किए जाएंगेः सुभाष चावला

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने कहा कि भाजपा नगर निगम में शासन करने का नैतिक अधिकार खो चुकी है। आज शहर का हर आम जनमानस तंग आ चुका है और नगर निगम को कोस रहा है। शहर में बुनियादी सुविधाओं का बुरा हाल है। दूसरी ओर रोज नए टैक्स लगाए जा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रहेगी और इसके लिए आने वाले दिनों में और अधिक प्रदर्शन किए जाएंगे।

नगर निगम को भंग कर देना चाहिएः एचएस लक्की

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता एचएस लक्की ने कहा कि शहर की सड़कों का बुरा हाल है। यह समझ नहीं आता कि सड़कों में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क है। सेक्टर-7 शहर के पॉश सेक्टरों में आता है और शहर की Mp, एडवाइजर, डीसी और अन्य बड़े अफसर यहां रहते हैं, फिर भी सड़कों का ये हाल है तो चंडीगढ़ नगर निगम का भगवान ही मालिक है। उन्होंने कहा कि शहर के लोग अब इन हालात से तंग आ चुके हैं और सब्र का बांध टूट चुका है। किसी भी सेक्टर में आज आप जाओ आप को टूटी सड़कें और बदहाल पार्क नजर आएंगे। ऐसे हालात देखकर तो नगर निगम को भंग कर देना चाहिए। कांग्रेस प्रवक्ता हरमेल केसरी ने कहा कि शहर के लोग भाजपा को हराने का मन बना चुके हैं और आज का कार्यक्रम लोगों की आवाज उठाने के लिए था।

भाजपा पार्षद पर साधा निशाना

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ईश शर्मा ने कहा कि इलाके के भाजपा पार्षद महेश इन्द्र सिद्धू, जो कि नगर निगम में सीनियर डिप्टी मेयर भी हैं, के दर्शन दुर्लभ हो गए हैं। वे किसी भी समस्या को हल करने में विफल रहे हैं और इलाके का हाल बहुत बुरा है। लोग परेशान हैं। युवा नेता करनबीर सिंह कन्नू ने कहा कि भाजपा के राज में आम आदमी पूरी तरह से टूट गया है। एक तरफ महंगाई, दूसरी तरफ बेरोजगारी ने लोगों की कमर तोड़ दी है। युवा पीढ़ी आज निराश है। डिग्री करने के बाद भी नौकरी नहीं है।

error: Content can\\\'t be selected!!