चंडीगढ़ कांग्रेस में बगावत की बाढ़, खुद पार्टी के नेता अपने प्रत्याशी से संतुष्ट नहींः नरेश अरोड़ा

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बोले- चंडीगढ़ वाले कभी ऐसे नेता पर दांव नहीं लगाएंगे, जो हर बार अपना लोकसभा क्षेत्र बदलता हो

CHANDIGARH, 19 APRIL: कांग्रेस पार्टी की चंडीगढ़ काई में त्यागपत्रों की बाढ़ पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नरेश अरोड़ा ने कहा कि मनीष तिवारी की कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर घोषणा से लेकर अब तक कांग्रेस के सैकड़ों नेता इस्तीफा दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि जो नेता दूसरे संसदीय क्षेत्र से दो बार सांसद बन चुका हो, केंद्र में मंत्री तक रह चुका हो और अपने संसदीय क्षेत्र में फिर मुड़कर नहीं देखता हो, वह नेता चंडीगढ़ में कैसे सांसद बनकर विकास करने का दावा कर सकता है।

अरोड़ा ने कहा कि चंडीगढ़ लोकसभा सीट पर कांग्रेस द्वारा मनीष तिवारी को उम्मीदवार बनाने से उनकी पार्टी में बगावत का माहौल है। इसका बड़ा कारण मनीष तिवारी की पुरानी परफॉरमेंस है। चंडीगढ़ कांग्रेस की महिला विंग से लेकर दूसरे पदाधिकारी पार्टी छोड़ रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता नरेश अरोड़ा ने कहा कि चंडीगढ़ की जनता बहुत ही समझदार है और चंडीगढ़ वाले अपने चंडीगढ़ को बहुत प्यार करते हैं, वह कभी भी किसी ऐसे नेता पर अपना दांव नहीं लगाएंगे, जो हर बार अपना क्षेत्र बदलता हो। अरोड़ा ने कहा कि खुद कांग्रेस के कार्यकर्ता जब मनीष तिवारी से संतुष्ट नहीं हैं तो चंडीगढ़ की जनता कैसे उन्हें पसंद करेगी। उन्होंने कहा कि इस बार भी चंडीगढ़ की जनता भाजपा प्रत्याशी पर जीत की मुहर लगाएगी और कांग्रेस लगातार तीसरी बार चारों खाने चित होगी।

error: Content can\\\'t be selected!!