पार्टी में किसी भी कार्रवाई का सामना करने के लिए मैं तैयार हूंः दीपा दुबे

चंडीगढ़ महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने किया ऐलान- गलत को गलत कहने की आवाज उठाने का परिणाम यही है तो मैं इसका स्वागत करती हूं

CHANDIGARH, 19 APRIL: चंडीगढ़ लोकसभा सीट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल की टिकट काटकर पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी को दे दिए जाने के बाद बसल गुट द्वारा पिछले पांच दिन से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की के खिलाफ किए जा रहे विरोध प्रदर्शन के बीच अब असंतुष्टों पर कार्रवाई की तैयारी की खबरों पर भी आज असंतुष्ट खेमे से प्रतिक्रिया आई है। इस असंतुष्ट खेमे का नेतृत्व कर रहीं चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष दीपा दुबे ने देर शाम को अपना एक बयान जारी कर ऐलान किया है कि वह गलत के खिलाफ आवाज उठाने के नतीजे में किसी भी कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार हैं।

बता दें कि चंडीगढ़ में कांग्रेसी टिकट घोषित होने के बाद से प्रदेश कांग्रेस में पवन कुमार बंसल के गुट ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की के विरुद्ध मोर्चा खोल रखा है, क्योंकि पवन कुमार बंसल की टिकट कटने व मनीष तिवारी को टिकट मिलने में लक्की का बड़ा रोल रहा है। हालांकि यह गुट पार्टी हाईकमान के इस फैसले का खुलकर विरोध नहीं कर रहा है, न ही पार्टी उम्मीदवार घोषित किए गए मनीष तिवारी के खिलाफ विरोध जताया है लेकिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की के खिलाफ इस गुट ने गंभीर आरोपों की बौछार कर दी है और लक्की को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाने की मांग कर रहा है। हाईकमान पर दबाव बनाने के लिए सौ से ज्यादा पदाधिकारी अपने पद से इस्तीफा भी दे चुके हैं। इस स्थिति के चलते चुनाव शुरू होने से पहले ही कांग्रेस को चंडीगढ़ में प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। इसे देखते हुए हाईकमान के निर्देश पर कल चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने चंडीगढ़ में कांग्रेस उम्मीदवार मनीष तिवारी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की व पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल से अलग-अलग मुलाकात की लेकिन इसका कोई नतीजा अभी सामने नहीं आया है।

इतना जरूर है कि चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला के साथ कल मीटिंग के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की आज पूरे फॉर्म में दिखे हैं। सूत्रों के मुताबिक चंडीगढ़ में चुनाव के समय पार्टी के भीतर बंसल गुट द्वारा जिस तरह आरोप-प्रत्यारोप और इस्तीफों की राजनीति की जा रही है और जिस तरह मामले को पब्लिक प्लेटफार्म पर उठाया जा रहा है, उसको लेकर कांग्रेस हाईकमान बेहद नाराज है। अब ऐसे संकेत भी मिल रहे हैं कि एक-दो दिन में यदि असंतोष को लगाम न दी गई तो नाराजगी जता रहे कांग्रेसियों पर पार्टी बड़ी कार्रवाई कर सकती है।

इस खबर के बाद आज चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष दीपा दुबे ने देर शाम को एक बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि मैंने चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है। चूंकि मेरी नियुक्ति अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा की गई थी, इसलिए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व को मेरे खिलाफ कार्रवाई करने का कोई अधिकार नहीं है। दीपा दुबे ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा अगर मेरा इस्तीफा मंजूर कर लिया जाता है या नोटिस जारी किया जाता है तो मैं उसके लिए तैयार हूं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी देश की महिलाओं के हक की आवाज उठा रहे हैं और देश की महिलाओं को न्याय दिलवाने के लिए प्रतिबद्ध हैं लेकिन चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता की आवाज दबाने की कोशिश कर रहे हैं। दीपा दुबे ने कहा कि मैंने कांग्रेस पार्टी और लोकसभा उम्मीदवार मनीष तिवारी की कोई खिलाफत नहीं की है ओर न कभी करूंगी, क्योंकि मैं राहुल गांधी की सच्ची न्याय योद्धा हूं। मैंने कांग्रेस के प्रति हमेशा ईमानदारी और निष्ठा से काम किया है लेकिन काफी समय से कांग्रेस भवन के कार्यो में एचएस लक्की अपनी मनमानी करने में लगे थे। उसी मनमानी को रोकने और कांग्रेस पार्टी के सिद्धांतों को बचाने के लिए मैंने आवाज उठाई। दीपा दुबे ने कहा कि अगर गलत को गलत कहने की आवाज उठाने का परिणाम कार्रवाई है तो मैं इसका स्वागत करती हूं।

error: Content can\\\'t be selected!!