75 वर्ष के हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल, जन्मदिन पर लगा बधाइयों का तांता

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की समेत चंडीगढ़ के तमाम पार्टी नेता व कार्यकर्ताओं के अलावा कई संस्थाओं के लोगों व आम नागरिकों ने भी दी शुभकामनाएं

CHANDIGARH, 16 JULY: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के सैकड़ों नेताओं, कार्यकर्ताओं तथा शहर के आम नागरिकों ने आज पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल का 75वां जन्मदिन सेक्टर-28 स्थित उनके निवास स्थान पर धूमधाम से मनाया और चण्डीगढ़ के विकास के लिए किए गए उनके लगातार प्रयासों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव शर्मा ने बताया कि चंडीगढ़ से 4 बार सांसद बने पवन कुमार बंसल का जन्म 1948 में संगरूर के तपा के एक समृद्ध व्यवसायी परिवार में हुआ था। वर्तमान में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष के रूप में कार्यरत पवन कुमार बंसल केंद्र की पिछली कांग्रेस सरकार में वित्त, संसदीय कार्य, जल संसाधन और रेल मंत्रालयों में कैबिनेट व राज्य मंत्री के रूप अपनी जिम्मेदारियां बखूबी निभा चुके हैं। पिछले 40 वर्षों से चंडीगढ़ के विकास में सक्रिय बंसल को चण्डीगढ़ शहर को झुग्गी-झोंपड़ी मुक्त बनाने, शहर के प्रत्येक क्षेत्र में सुंदर पार्क प्रदान करने, शहर को देश के सभी प्रमुख रेल गंतव्यों से जोड़ने, 1996 में चण्डीगढ़ को नगर निगम देने, बदलते समय की मांगों को पूरा करने तथा शहर के बुनियादी ढांचे में उचित बदलाव लाने का श्रेय दिया जाता है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू और ली-कार्बूजिए द्वारा परिकल्पित चंडीगढ़ शहर की गौरवशाली और समृद्ध विरासत के संरक्षक पवन कुमार बंसल ने हमेशा यह सुनिश्चित किया कि भारत के पहले नियोजित शहर चण्डीगढ़ की वास्तुकला और डिजाइन के मूल रूप से कोई छेड़छाड़ न की जाए।

उन्होंने कहा कि आज बंसल के निवास स्थान पर समाज के सभी वर्गों के लोगों ने नेहरू के सपनों के इस शहर के विकास के लिए किए गए उनके लगातार प्रयासों के लिए सराहना की और कहा कि वर्ष 2014 में सफाई और स्वच्छता के मामले में चण्डीगढ़ को देश में नंबर एक शहर बनाने में पवन कुमार बंसल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। शहर के सभी वर्गों के लोगों ने आज बंसल से शहर के लिए किए जा रहे अपने प्रयासों और कार्यों को जारी रखने का आग्रह किया।

इस मौके पर प्रमुख रूप से चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की, पूर्व अध्यक्ष सुभाष चावला, पार्टी के वरिष्ठ नेता डीडी जिंदल, पवन शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष अनवार उल हक, पूर्व मेयर कमलेश बनारसीदास, पार्षद जसबीर सिंह बंटी, गुरबख्श रावत, सचिन गालव, वरिंदर रावत, अच्छे लाल गौ़ड़, राज नागपाल, बीएम खन्ना के अलावा चंडीगढ़ प्रदेश, जिला और ब्लॉक कांग्रेस समितियों के अध्यक्षों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं, महिला कांग्रेस, सेवादल और अन्य फ्रंटल संगठनों के प्रमुखों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों, मार्केट, औद्योगिक और कर्मचारी संगठनों के सदस्यों और कई अन्य क्षेत्रों से आए लोगों ने पवन कुमार बंसल को जन्मदिन की बधाई दी और उनकी अच्छी सेहत के लिए कामना की।

error: Content can\\\'t be selected!!