खुद को मीडिया कर्मी बताकर पार्षद गाबी के घर में जबरन घुसे महिला समेत 4 लोग, पार्षद से की अभद्रता

शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों को लिया हिरासत में, चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष लक्की ने की घटना की निंदा

CHANDIGARH, 9 JULY: वार्ड नंबर-34 के कांग्रेस पार्षद गुरप्रीत सिंह गाबी के आवास में आज तड़के एक महिला समेत चार लोग जबरन घुस आए व पार्षद गाबी के साथ अभद्र व्यवहार किया। यह लोग खुद को मीडिया कर्मी बता रहे थे। पार्षद गाबी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की ने इस घटना की निंदा करते हुए इसके लिए विरोधी पार्टियों को दोषी ठहराया है।

सैक्टर-34 पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई शिकायत में पार्षद गुरप्रीत सिंह गाबी ने आरोप लगाया कि 3 पुरुष और एक महिला बिना किसी पूर्व सूचना के उनके घर में घुस गए और जबरन ड्राइंग रूम में बैठ गए। पूछताछ करने पर उन्होंने खुद को पत्रकार बताया और कहा कि वह पार्षद गाबी का इंटरव्यू लेने आए हैं। गाबी ने जब उनसे मीडिया पहचान पत्र मांगा तो उन्होंने पार्षद गाबी को गालियां देना शुरू कर दिया। गाबी ने आरोप लगाया कि उनके आचरण, विशेष रूप से महिला के अजीब व्यवहार के कारण उनके इरादों के बारे में संदेह पैदा हुआ। इस पर उन्होंने पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन के कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया और पुलिस को फोन किया। पुलिस ने गाबी के आवास पर पहुंचकर आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

इस घटना की निंदा करते हुए कांग्रेस के चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष एचएस लक्की ने चंडीगढ़ में कांग्रेस की विरोधी पार्टियों को इस घटना के लिए दोषी ठहराया तथा इस घटना को एक जिम्मेदार और लोकप्रिय कांग्रेस पार्षद को निशाना बनाकर उनकी साफ-सुथरी छवि को धूमिल करने का एक कुत्सित प्रयास करार दिया। उन्होंने पुलिस से प्राथमिकी दर्ज करने और मामले की तेजी से जांच करने का आग्रह किया, ताकि घटना के पीछे की गहरी राजनीतिक साजिश का पर्दाफाश हो सके। उन्होंने पुलिस से यह सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

error: Content can\\\'t be selected!!