चंडीगढ़ में भाजपा कब तक अपनी नाकामी को कांग्रेस पर आरोप लगाकर छिपाती रहेगीः हरमेल केसरी

बोले- अगर कांग्रेस ने 70 साल में कुछ नहीं किया तो क्या BJP ने भी कसम खा रखी है कि वह भी चंडीगढ़ के लोगों की भलाई के लिए कोई कार्य नहीं करेगी

CHANDIGARH, 1 AUGUST: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरमेल केसरी ने आज भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि कब तक भारतीय जनता पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के नेता अपनी नाकामी को इस बात से छिपाते रहेंगे कि कांग्रेस ने 70 साल में कुछ नहीं किया।

आज यहां जारी एक बयान में हरमेल केसरी ने कहा कि अगर कांग्रेस ने 70 साल में कुछ नहीं किया तो क्या भारतीय जनता पार्टी ने भी कसम खा रखी है कि वह भी चंडीगढ़ के लोगों की भलाई के लिए कोई कार्य नहीं करेगी। केसरी ने कहा कि अगर कांग्रेस चंडीगढ़ में स्टाफ सिलेक्शन कमीशन नहीं बनवा पाई या चंडीगढ़ की जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई तो शायद इसी कारण चंडीगढ़ के लोगों ने उसे सत्ता से बाहर कर दिया और भाजपा को चंडीगढ़ के लोगों की सेवा करने का मौका दिया लेकिन चंडीगढ़ में भाजपा भी पूर्ण रूप से विफल रही है।

कांग्रेस नेता हरमेल केसरी ने कहा कि 1996 से 1999 में चंडीगढ़ में भाजपा का सांसद था और केंद्र में भी भाजपा की सरकार थी। पिछले 9 वर्षों से भी केंद्र में भाजपा की सरकार है और चंडीगढ़ में सांसद भी भाजपा का ही है लेकिन चंडीगढ़ के लोगों का विश्वास जीतने में भाजपा नाकाम रही है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि यह कितना हास्यास्पद है कि एक तरफ तो नगर निगम में भाजपा के मेयर पंजाब और हरियाणा से आने वाली गाड़ियों के लिए दोगुनी पार्किंग फीस वसूल करना चाहते हैं और दूसरी तरफ जो टाउन वेंडिंग कमेटी चंडीगढ़ में बनाई गई है, उसमें पंजाब में रहने वाले लोगों को स्थान दिया गया है।

error: Content can\\\'t be selected!!