चंडीगढ़ में भाजपा ने सभी बूथों पर पार्टी का झंडा लहराकर मनाया स्थापना दिवस

भाजपा के लिए राष्ट्र सदा सर्वोपरि, एक भारत-श्रेष्ठ भारत हमारा मूलमंत्रः अरुण सूद

BJP’s foundation day CHANDIGARH, 6 APRIL: भारतीय जनता पार्टी का 44 वां स्थापना दिवस (44th Foundation Day of Bharatiya Janata Party) आज चंडीगढ़ में भी धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शहर के कुल 597 पोलिंग बूथों में से 500 बूथों पर पार्टी का ध्वज फहराया व पार्टी कार्यकर्ताओं के नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को प्रत्येक बूथ पर सामूहिक रूप से सुना।

चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा प्रवक्ता कैलाश चन्द जैन ने बताया कि पार्टी के सभी प्रदेश पदाधिकारियों ने अपने-अपने बूथ पर ध्वजारोहण किया तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को सुना। चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने भी अपने बूथ पर ध्वजारोहण किया व कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर प्रधानमंत्री के वक्तव्य को सुना। इस अवसर पर अरुण सूद ने कहा कि
भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है, जिसके लिए राष्ट्र सदा सर्वोपरि रहा है। उन्होंने भाजपा के इतिहास के बारे में बताते हुए कहा कि 6 अप्रैल 1980 को भाजपा की स्थापना हुई तथा उस दिन से आज तक पार्टी देश हित के कार्यों में लगी हुई है। भाजपा का हर कार्यकर्ता देशहित को सामने रखकर बिना किसी स्वार्थ के पार्टी हित में काम कर रहा है। एक भारत-श्रेष्ठ भारत इसकी आस्था का मूलमंत्र रहा है।

अरुण सूद ने कहा कि जब जनसंघ का जन्म हुआ था तो हमारे पास न ज्यादा सियासी अनुभव था, न साधन थे, न संसाधन थे लेकिन हमारे पास मातृभूमि के प्रति भक्ति और लोकतंत्र की शक्ति थी। आज पार्टी के पास सबकुछ है। आज भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है तथा केन्द्र के साथ-साथ देश के अनेक राज्यो में भाजपा की सरकार है। यह सब कार्यकर्ताओं की बदौलत ही सम्भव हो पाया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से देश हित में बढ़चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओ व देशवासियों को हनुमान जन्मोत्सव की भी शुभकामनाएं दीं।

शाम को सेक्टर-33 स्थित पार्टी कार्यालय कमलम में सामूहिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद के अलावा महामंत्री रामवीर, उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, कार्यालय सचिव गजेंद्र शर्मा, देवी सिंह, वरिष्ठ उप महापौर कंवर जीत राणा, पार्षद सौरभ जोशी, मनोनीत पार्षद मोहिंदर कौर, प्रदेश प्रवक्ता कैलाश चंद जैन सहित सभी जिला, मोर्चा अध्यक्षों तथा अनेक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

error: Content can\\\'t be selected!!