MP फंड तो फ्रीज पड़ा है, कोरोना की दूसरी लहर में सस्ते प्रचार के सहारे प्रशंसा का पात्र बनने का ढोंग कर रहीं सांसद किरण खेर: चंद्रमुखी शर्मा

कहा- भाजपा सांसद को चंडीगढ़ के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाने के लिए अपनी निजी सम्पति से 1 करोड़ रुपए का दान करना चाहिए

CHANDIGARH: आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता चंद्रमुखी शर्मा ने आज कहा कि चंडीगढ़ की भाजपा सांसद किरण खेर कोविड-19 महामारी की घातक दूसरी लहर के दौरान MPLADS फंड से PGIMER को 1 करोड़ रुपए ‘दान’ की घोषणा करके सस्ता प्रचार पाने की कोशिश कर रही हैं।

सांसद व भाजपा ने लोगों को अपने हाल पर छोड़ दिया

चन्द्रमुखी शर्मा ने कहा कि चंडीगढ़ की सांसद एक साल से अधिक समय से शहर से अनुपस्थित हैं। उन्होंने व उनकी उनकी पार्टी भाजपा ने शहरवासियों को वर्तमान कोविड संकट में अपने हाल पर छोड़ दिया। किरण खेर ने लोगों की मदद के लिए किसी भी टीम की प्रतिनियुक्ति नहीं की है। शर्मा ने यहां एक बयान में कहा कि किरण खेर ने घोषणा की कि वह एमपीलैड्स फंड से 1 करोड़ रुपए का पीजीआई को दान कर रही हैं यह उनके द्वारा सस्ते प्रचार के अलावा कुछ नहीं है।

MPLADS को दो साल पहले ही फ्रीज कर चुकी है मोदी सरकार

चन्द्रमुखी शर्मा ने कहा कि MPLADS को मोदी सरकार द्वारा अपने पुनरुद्धार के आधिकारिक आदेश के साथ दो साल पहले ही फ्रीज कर दिया गया था। ऐसे में MPLADS फंड से सांसद किरण खेर द्वारा ‘दान’ चंडीगढ़ के लोगों के साथ धोखाधड़ी नहीं तो और क्या है ? शहर के करदाताओं का पैसा कैसे दान किया जा सकता है? और यदि खेर ने पहले सांसद निधि को विकास कार्य में न लगाकर ऐसे ही छोड़ रखा था तो भी यह भी उनकी अक्षमता दर्शाता है।

किरण खेर के पास पैसों की कमी नहीं, 1 करोड़ अपने पास से दें

शर्मा ने कहा कि किरण खेर को अपनी निजी सम्पति से चंडीगढ़ के लिए तुरंत एक करोड़ रुपए की राशि दान करनी चाहिए, ताकि वह कम से कम अपने संसदीय क्षेत्र के निवासियों के प्रति अपनी गंभीरता और प्रतिबद्धता दिखा सकें। आप नेता ने कहा कि सभी उम्मीदवारों के बीच 2019 के लोकसभा चुनाव में किरण खेर को सबसे अमीर उम्मीदवार घोषित किया गया था। उनके पास पैसों की कोई कमी नहीं है। उनके मानकों के अनुसार इस संकट की घड़ी में लोगों के लिए 1 करोड़ रुपए का एक छोटा योगदान उन लोगों की मदद करेगा, जिन्हें इसकी बहुत जरूरत है। शर्मा ने कहा कि किरण खेर इस शहर में पली-बढ़ी हैं और उनके पास बहुत कुछ है। यह सही समय है कि वह इसमें से कुछ योगदान दें।

किरण खेर के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की

हाल ही में कैंसर से पीड़ित होने के बाद मुम्बई में कॉन्वेलसिंग कर रहीं चंडीगढ़ की सांसद के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए शर्मा ने कहा कि खेर को सस्ती राजनीतिक चालबाजियों का सहारा लेने के बजाय पीड़ित लोगों की मदद करने के लिए भाजपा की अपनी टीम को मैदान में उतारने की कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि खेर को चंडीगढ़ और इसके लोगों के लिए सहायता हासिल करने के लिए केंद्र में भाजपा नेतृत्व में अपने ऊर्जा और शक्तिशाली संपर्कों का उपयोग करना चाहिए।

खेर ने शहर के विकास के लिए कुछ नहीं किया

चन्द्रमुखी शर्मा ने कहा कि किरण खेर पिछले सात वर्षों में चंडीगढ़ में विकास के नाम पर कुछ भी उल्लेखनीय नहीं कर पायी हैं। चंडीगढ़ में मतदाताओं ने उन्हें बॉलीवुड के लिए नहीं चुना है। उन्हें वास्तविक रूप से शहर के सतत विकास में प्रायसरत रहना चाहिए था, जिसमें वह पूरी तरह फेल रही हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!