मुकेश बस्सी का अंतिम संस्कार कल दोपहर साढ़े 12 बजे, कांग्रेस व AAP नेताओं ने जताया गहरा दुख

CHANDIGARH: पूर्व पार्षद एवं चंडीगढ़ क्लब के अध्यक्ष रहे मुकेश बस्सी के निधन से चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेता गहरे शोक में हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल, कांग्रेस के चंडीगढ़ प्रभारी हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला, वरिष्ठ कांग्रेस नेता डीडी जिंदल, कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष हाफिज अनवार उल हक, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय सह प्रभारी एवं पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा, आम आदमी पार्टी की नगर निगम चुनाव प्रचार समिति के चेयरमैन एवं पूर्व पार्षद चंद्रमुखी शर्मा, चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता एवं पूर्व डिप्टी मेयर एच.एस. लक्की आदि ने मुकेश बस्सी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुकेश बस्सी का अंतिम संस्कार मंगलवार को यानी कल दोपहर साढ़े 12 बजे सेक्टर-25 स्थित श्मशान घाट में होगा।

गौरतलब है कि मुकेश बस्सी 2011 के नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर पार्षद चुने गए थे। सबसे लंबे समय तक चंडीगढ़ क्लब का अध्यक्ष रहने का रिकार्ड भी मुकेश बस्सी के नाम है। मुकेश बस्सी आज सुबह रोजाना की तरह सैर करने सुखना लेक पर गए थे। सैर करते-करते वहां अचानक जमीन पर गिर पड़े। बताया जाता है कि उन्हें हार्ट अटैक हुआ था। लोगों ने तुरंत मैक्स अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की हर संभव कोशिश की लेकिन शाम को उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मुकेश बस्सी के निधन की सूचना पाकर हर कोई स्तब्ध रह गया। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस की ओर से जारी शोक संदेश में कहा गया है कि मुकेश बस्सी होनहार नेता थे। उनके असामयिक निधन ने पार्टी को झकझोर दिया है। उनकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकेगी। भारी दुख की इस घड़ी में कांग्रेस मुकेश बस्सी के परिवार के साथ खड़ी है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय सह प्रभारी एवं पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा तथा आम आदमी पार्टी की नगर निगम चुनाव प्रचार समिति के चेयरमैन एवं पूर्व पार्षद चंद्रमुखी शर्मा ने कहा कि मुकेश बस्सी सर्वप्रिय नेता थे। उनका निधन चंडीगढ़ के राजनीतिक व सामाजिक जगत की अपूर्णीय क्षति है। उन्होंने कहा कि शहर के राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्र के अलावा भी चंडीगढ़ में मुकेश बस्सी के शुभचिंतकों की बहुत बड़ी संख्या है। वे सभी आज अपने प्रिय साथी के असमय निधन से स्तब्ध और बेहद शोक में हैं। ईश्वर मुकेश बस्सी की पवित्र आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और में उनके परिवार को यह असीम दुख सहने की शक्ति दें।

पूर्व पार्षद व चंडीगढ़ क्लब के अध्यक्ष रहे मुकेश बस्सी का निधन
error: Content can\\\'t be selected!!