चंडीगढ़ में महिला कांग्रेस शुरू करेगी नारी न्याय यात्रा, कल होगा नारी न्याय महिला सम्मेलन, अलका लांबा करेंगी संबोधित

पिछले 2 साल में चंडीगढ़ से 3600 से ज्यादा महिलाएं लापता हो गईं, ये चिंता का विषय: दीपा दुबे

CHANDIGARH, 6 FEBRUARY: चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस ने शहर में नारी न्याय यात्रा शुरू करने की घोषणा की है। इसके अलावा सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन में कल नारी न्याय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसे संबोधित करने के लिए महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा विशेष रूप से चंडीगढ़ आएंगी।

सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन में आज एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष दीपा दुबे ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस समय ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ पर हैं, जहां वह सभी वर्गों के सैकड़ों लोगों से मिल रहे हैं। इसी श्रंखला में महिला कांग्रेस आर्थिक सशक्तिकरण, महंगाई, सामाजिक सशक्तिकरण, स्वास्थ्य देखभाल, राजनीतिक सशक्तिकरण, हिंसा के खिलाफ संरक्षण जैसे मुद्दों को लेकर नारी न्याय यात्रा शुरू कर रही है। दीपा दुबे ने कहा कि चंडीगढ़ में नारी न्याय यात्रा को चंडीगढ़ की हर एक कॉलोनी, गांव और शहर के हर एक सेक्टर में लेकर जाएंगे, जिसमें नारी की प्राथमिकता सर्वप्रथम होगी।

दुबे ने कहा कि संसद में पेश किए गए आंकड़े, एन.सी.आर.बी की रिपोर्ट से पता लगा है कि बीते 2 साल में पूरे देश से 13 लाख महिलाएं लापता हुई हैं। पिछले 2 साल में चंडीगढ़ से ही 3600 से ज्यादा महिलाएं लापता हुई हैं। दुबे ने चंडीगढ़ प्रशासन के ऊपर प्रश्न उठाते हुए कहा कि चिंता करने की बात तो यह है कि 3600 से ज्यादा महिलाएं चंडीगढ़ से लापताएं हो गई लेकिन इस पर प्रशासन ने क्या किया? क्या राजनीतिक दबाव में आकर इन घटनाओं को शहर के नागरिकों के सामने नहीं रखा गया।

दीपा दुबे ने कहा कि चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस चंडीगढ़ के संवैधानिक मूल्यों और उन महिलाओं के अधिकारों के लिए लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है, जो इस देश की आधी आबादी हैं और जिनके मुद्दे पूरे देश को प्रभावित करते हैं।

दीपा दुबे ने बताया कि चंडीगढ़ में महिलाओं की समस्याओं को सुनने और महिलाओं को सशक्त करने के लिए कल नारी न्याय महिला सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित किए जाने वाले इस सम्मेलन को संबोधित करने के लिए अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा विशेष रूप से चंडीगढ़ आ रही हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!