लोकतांत्रिक मूल्यों को बिगाड़कर तानाशाही रवैया दिखा रही मोदी सरकारः पवन बंसल

बैंक खाते फ्रीज करके कांग्रेस को आर्थिक रूप से पंगु बनाना चाहती है भाजपा सरकारः एचएस लक्की

CHANDIGARH, 22 MARCH: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने आज मोदी सरकार पर अन्यायपूर्ण और अनुचित व्यवहार तथा लोकतांत्रिक मानदंडों और मूल्यों को बिगाड़ने का आरोप लगाया। पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल और चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मोदी सरकार पर तानाशाही रवैया दिखाने और विपक्षी दलों तथा उनके नेतृत्व के दमन का प्रयास करने का भी इल्जाम लगाया।

पवन कुमार बंसल ने कहा कि देश में चुनावी माहौल को बिगाड़ने और आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की संभावनाओं को खत्म करने के लिए कांग्रेस पार्टी के ग्यारह बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है। मोदी सरकार राजनीतिक हिसाब-किताब बराबर करने के लिए ईडी, आयकर विभाग और सीबीआई जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने मांग की कि समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस के बैंक खातों को डी-फ्रोज किया जाना चाहिए। बंसल ने कहा कि यह मामला देश में 70 वर्षों से बनी चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता से संबंधित है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि भाजपा सरकार कांग्रेस पार्टी को आर्थिक रूप से पंगु बनाना चाहती है, जो कि मुख्य विपक्षी दल है। उन्होंने कहा कि एक तरफ सत्तारूढ़ भाजपा ने इलेक्टोरल बांड और नकदी के माध्यम से भारी संसाधन एकत्र किए हैं, दूसरी तरफ उसने कांग्रेस पार्टी के बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। आयकर विभाग द्वारा कांग्रेस पार्टी के खातों से जबरन 115.32 करोड़ रुपए की राशि निकाल ली गई है और इन खातों पर 210 करोड़ का ग्रहणाधिकार अंकित किया गया है, जो कि कांग्रेस पार्टी द्वारा अपने सांसदों से नकद दान के रूप में 14.49 लाख रुपए की मामूली राशि प्राप्त करने के लिए है। लक्की ने कहा कि इस कार्रवाई को किसी भी तरह से उचित नहीं ठहराया जा सकता है।

लक्की ने कहा कि हाल ही में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और इससे पहले झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी राजनीतिक प्रतिशोध का उदाहरण है, जो राजनीतिक विरोधियों पर ढाया गया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार इण्डिया गठबंधन से डरी हुई है, इसलिए वह इतना नीचे गिर रही है। भाजपा का 400 से अधिक सीटों का दावा ऐसे कृत्यों से धराशायी हो जाएगा। लक्की ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मोदी सरकार के खिलाफ आम आदमी पार्टी सहित सभी विपक्षी दलों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। इस मौके पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष विक्रम चोपड़ा तथा महासचिव अच्छे लाल गौड़ भी मौजूद थे।

error: Content can\\\'t be selected!!