अब लोकसभा चुनाव के लिए चंडीगढ़ के नाराज व्यापारियों को ठगने की कोशिश में लग गई भाजपाः प्रदीप छाबड़ा

पूर्व मेयर बोले-अपने बड़े नेता के व्यावसायिक हितों को साधने के लिए गुप्त समझौते के तहत भाजपा का साथ दे रही कांग्रेस

BJP में ईमानदारी है तो लोकसभा चुनाव से पहले चंडीगढ़ की जनता के तमाम मुद्दों को करवाए हल, लोगों को झांसे में न रखे

CHANDIGARH, 14 SEPTEMBER: आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता, चंडीगढ़ के पूर्व मेयर एवं पंजाब लार्ज इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन प्रदीप छाबड़ा ने आज भाजपा और कांग्रेस पर जोरदार हमला बोलते हुए दोनों पार्टियों पर चंडीगढ़ की जनता की आंखों में धूल झोंकने का आरोप लगाया है। छाबड़ा ने कहा कि भाजपा व कांग्रेस चंडीगढ़ की सियासी पिच पर फ्रैंडली मैच खेलते हुए व्यापारियों, कर्मचारियों, कालोनीवासियों, फड़ी वालों समेत तमाम चंडीगढ़वासियों को बेवकूफ बनाने में लगी हुई हैं। छाबड़ा ने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि भाजपा यदि ईमानदारी की राजनीति कर रही है तो वह लोकसभा चुनाव-2024 से पहले व्यापारियों, कर्मचारियों, कालोनीवासियों समेत चंडीगढ़ की तमाम जनता के उन मुद्दों को हल कराए, जिनको लेकर वह जनहितैषी होने तथा उनका समाधान करने का प्रयास करने की बात कहकर लोगों को लगातार गुमराह कर रही है।

पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा ने आज यहां जारी अपने एक बयान में कहा कि अब लोकसभा चुनाव के ठीक पहले चंडीगढ़ में भाजपा व कांग्रेस लगातार ऐसे मुद्दों को हवा दे रही हैं, जिनको लेकर वह पिछले चार साल में तथा गत लोकसभा चुनाव से पहले तक लोगों से झूठे वायदे करती रहीं तथा झूठ बोलकर लोगों से वोट लेती रहीं। भाजपा व कांग्रेस के झूठों के कारण गत नगर निगम चुनाव में चंडीगढ़ के लोगों ने भाजपा व कांग्रेस को सबक सिखाया और आम आदमी पार्टी को सबसे ज्यादा सीटें जिताकर आम आदमी पार्टी के प्रति विश्वास व्यक्त किया, क्योंकि चंडीगढ़ की जनता समझ चुकी है कि सिर्फ आम आदमी पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है, जो लोगों से किए अपने वायदों को न केवल गारंटी करार देती है, बल्कि चुनाव जीतने के बाद उन्हें अमलीजामा भी पहनाती है। दिल्ली के बाद पंजाब इसके उदाहरण के रूप में सबके सामने है। इसीलिए भाजपा ने चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी के सबसे ज्यादा पार्षद होते हुए भी चोर दरवाजे से जोड़तोड़ करके निगम की सत्ता पर कब्जा किया, ताकि आम आदमी पार्टी चुनाव में दी गई अपनी गारंटियों को पूरा करके चंडीगढ़ की जनता की जरूरतें पूरी न कर सके।

छाबड़ा ने कहा कि चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी के प्रति लोगों को बढ़ते विश्वास को देखते हुए अब भाजपा व कांग्रेस ने गुप्त रूप से हाथ मिला लिया है। इसके पीछे कांग्रेस के एक बड़े नेता के व्यावसायिक हित भी हैं, जो कि सत्तारूढ़ भाजपा के उन हथकंडों में फंस गए हैं, जिन हथकंडों को भाजपा अपने विरोधियों को दबाने के लिए इस्तेमाल करती है। छाबड़ा ने कहा कि इस कांग्रेस नेता के लिए अब कोई चुनाव जीतने से ज्यादा अपने व्यावसायिक हित बचाना जरूरी हो गया है। यही कारण है कि लंबे समय से कांग्रेस चंडीगढ़ में भाजपा पर हमलावर होने से बच रही है। प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि अब तो कांग्रेस भाजपा के राजनीतिक हित साधने में भी नहीं चूक रही है। चंडीगढ़ के व्यापारियों से जुड़े मुद्दे को लेकर एक दिन पहले कांग्रेस की तरफ से जारी किया गया प्रेस नोट भी भाजपा को लाभ पहुंचाने की साजिश का ही हिस्सा था, जिसके बाद भाजपा चंडीगढ़ के नाराज व्यापारियों को अपने पक्ष में लामबंद करने में जुट गई लेकिन चंडीगढ़ के कारोबारी जानते हैं कि वह पहले कांग्रेस के हाथों ठगे गए, अब भाजपा उन्हें ठगने की कोशिश में लगी है। छाबड़ा ने कहा कि इससे पहले हाल ही में भाजपा ने कालोनीवासियों को मकान का मालिकाना हक दिलाने का भ्रम फैलाया तथा कांग्रेस ने इसमें भी भाजपा का साथ दिया। प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में चंडीगढ़ के व्यापारी, कर्मचारी, कालोनीवासियों समेत चंडीगढ़ की तमाम जनता भाजपा व कांग्रेस दोनों को सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है। ये दोनों पार्टियां कितनी भी साजिश व कोशिश कर लें, चंडीगढ़ की जनता अब इनके झांसे में नहीं आने वाली है।

error: Content can\\\'t be selected!!