अब चंडीगढ़ में AAP के राष्ट्रीय नेताओं के भी धुआंधार दौरेः अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह व भगवंत मान के कार्यक्रम हुए तय, जानिए कब कौन आ रहा यहां

CHANDIGARH: चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए मतदान को अब सिर्फ 9 दिन बचे हैं। लिहाजा, सभी राजनीतिक दलों ने अपने स्टार प्रचारकों की फौज चंडीगढ़ में उतार दी है। ऐसे में पहली बार यहां नगर निगम चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी भी अब पूरे तेवर में आ गई है। आम आदमी पार्टी के मुखिया एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल खुद चंडीगढ़ के वोटरों के बीच अपनी बात रखने तथा पार्टी के तमाम उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए चंडीगढ़ पहुंच रहे हैं। नगर निगम चुनाव के दौरान यह पहला मौका होगा जब अरविंदर केजरीवाल यहां वोटरों को आमने-सामने सीधे संबोधित करेंगे।

आम आदमी पार्टी के सह प्रभारी प्रदीप छाबड़ा ने नगर निगम चुनाव के लिए पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं के चंडीगढ़ आगमन की पुष्टि करते हुए बताया कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 19 दिसंबर को चंडीगढ़ में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस जनसभा के लिए मैदान के चयन की प्रक्रिया जारी है। एक-दो दिन में स्थान तय कर दिया जाएगा। छाबड़ा ने बताया कि इससे पहले आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय नेता, उत्तर प्रदेश, उड़ीसा तथा राजस्थान के प्रभारी संजय सिंह 18 दिसंबर को चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। इस दौरान वह जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा 20 दिसंबर को आम आदमी पार्टी पंजाब के अध्यक्ष एवं सांसद भगवंत मान चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के लिए पहुंचेंगे। प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि दिल्ली के विधायक एवं पार्टी के चंडीगढ़ प्रभारी जरनैल सिंह पहले से चंडीगढ़ में पूरी कमान संभाले हुए हैं। पार्टी ऑब्जर्वरों के रूप में पार्टी की एक बड़ी फौज भी चंडीगढ़ में रहकर ही सभी वार्डों पर नजर रखे हुए हैं। ये सभी दिल्ली समेत विभिन्न राज्य इकाइयों के प्रमुख नेता हैं। इसके अलावा आम आदमी पार्टी पंजाब के सभी विधायक भी आने वाले दिनों में चंडीगढ़ के वार्डों में चुनाव प्रचार करेंगे।

प्रदीप छाबड़ा ने बताया कि आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ ने अपने राष्ट्रीय नेताओं के कार्यक्रमों के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की है। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोग जुटेंगे तथा आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं को सुनेंगे। उल्लेखनीय है कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा की तरह चंडीगढ़ नगर निगम में भी अपने ईमानदारी के शासन के प्रतीक के रूप में ‘चंडीगढ़ में भी केजरीवाल’ का नारा दिया है। इसी का असर है कि चंडीगढ़ के विभिन्न वार्डों में आम आदमी पार्टी के प्रति लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

error: Content can\\\'t be selected!!