अधिकतम छात्र भागीदारी के लिए इस बार विशेष छूट और आरक्षण व्यवस्था लागू की गई
CHANDIGARH, 16 JULY (ANewsoffice): भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने चंडीगढ़ में अपने बहुप्रतीक्षित संगठनात्मक चुनावों का आज औपचारिक शुभारंभ कर दिया। इसी के साथ चुनाव प्रक्रिया के पहले चरण के लिए नामांकन आज से शुरू हो गए हैं। सेक्टर-35 स्थित चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की तथा एनएसयूआई चंडीगढ़ के प्रदेश रिटर्निंग ऑफिसर संदीप सिंह रिस्सम ने चुनाव कार्यक्रम और नई चुनावी व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ के कॉलेजों की विशेष परिस्थितियों और अधिक से अधिक विद्यार्थियों की लोकतांत्रिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एनएसयूआई के राष्ट्रीय नेतृत्व ने एक बार के लिए विशेष छूट (One-Time Special Exemption) देने का निर्णय लिया है।
यह छूट दूसरे चरण के चुनावों, यानी प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश समिति, जिला अध्यक्ष और जिला समिति के चुनावों पर लागू होगी। एचएस लक्की ने कहा कि एनएसयूआई हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों और छात्र हितों की पक्षधर रही है। पार्टी का उद्देश्य ऐसा छात्र संगठन तैयार करना है, जिसमें हर वर्ग, हर कॉलेज और हर विद्यार्थी को समान अवसर मिले। यह चुनाव केवल पदों के लिए नहीं, बल्कि छात्र नेतृत्व तैयार करने और लोकतांत्रिक संस्कृति को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने बताया कि वोट देने का अधिकार अब पूरे कॉलेज की समिति को होगा। इस बार प्रथम वर्ष के विद्यार्थी अपने कॉलेज द्वारा जारी फीस जमा रसीद के आधार पर एनएसयूआई की सदस्यता ले सकेंगे और चुनाव प्रक्रिया का हिस्सा बन सकेंगे। यदि कोई प्रथम वर्ष का विद्यार्थी कॉलेज चुनाव लड़ना चाहता है तो उसे अपने कॉलेज अथवा विश्वविद्यालय से जारी फोटोयुक्त, हस्ताक्षरित एवं मुहरयुक्त प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। इसके अलावा एनएसयूआई ने संगठन में सामाजिक न्याय और समावेशी प्रतिनिधित्व को और मजबूत करने के लिए यूनिट कमेटी (UC) का नया स्वरूप भी घोषित किया है।
यूनिट कमेटी में एक अध्यक्ष (सामान्य सीट), उपाध्यक्ष 2 (सामान्य और महिला), महासचिव 8 (सामान्य-2, 1 SC, 1 महिला, 1 ST, 1 OBC, 1 अल्पसंख्यक और 1 दिव्यांग वर्ग से) होंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य संगठन में समाज के प्रत्येक वर्ग की सम्मानजनक भागीदारी सुनिश्चित करना है। पार्टी नेताओं ने विश्वास जताया कि इन ऐतिहासिक निर्णयों के साथ चंडीगढ़ में इस बार संगठनात्मक चुनाव पहले से अधिक पारदर्शी, लोकतांत्रिक, समावेशी और छात्र हितैषी होंगे तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।

