सेक्टर-47 में बैंक्विट हॉल के लिए सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं ने पूर्व मेयर देवेश मोदगिल को किया सम्मानित

CHANDIGARH: चंडीगढ़ के वार्ड नंबर-22 के सेक्टर-47 में आज इलाका पार्षद एवं पूर्व महापौर देवेश मोदगिल को अनेक सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं ने उनके द्वारा किए गए कार्यों, खास तौर से चंडीगढ़ के पहले बैंक्विट हॉल का प्रस्ताव नगर निगम सदन की बैठक में पास करवाने के लिए सम्मानित किया। यह बैंक्विट हॉल सेक्टर-47 में 76 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा तथा अत्याधुनिक सुविधाओं से परिपूर्ण होगा।

इस अवसर पर अपने संबोधन में पार्षद एवं पूर्व मेयर देवेश मोदगिल ने कहा कि निगम सदन की बैठक में सेक्टर-47 के जंज घर को तोड़कर भव्य बैंक्विट हॉल बनाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हुआ है, जिसके लिए वह मेयर रविकांत शर्मा , निगम आयुक्त केके यादव, चंडीगढ़ प्रशासन के मुख्य वास्तुकार कपिल सेतिया, भाजपा के सभी पार्षदों, विपक्षी पार्षदों एवं निगम अधिकारियों के आभारी हैं। मोदगिल ने कहा कि यह बैंक्विट हॉल शहर का पहला बैंक्विट हॉल होगा, जिसमें 750, 300 एवं 150 की क्षमता के तीन हॉल शादी और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए बनेंगे। यह बैंक्विट हॉल कुल 76 करोड़ रुपए की लागत से बनकर तैयार होगा, जिसमें जिम, पुस्तकालय,  सीनियर सिटीज़न हॉल, योग एवं मेडिटेशन सेंटर, वातानुकूलित कमरे,  350 गाड़ियों के लिए तीन मंजिला भूमिगत पार्किंग की सुविधा भी होगी। यह बैंक्विट हॉल पूर्ण रूप से वातानुकूलित एवं अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। मोदगिल ने कहा कि इससे नगर निगम की आय भी बढ़ेगी और शहरवासियों की चंडीगढ़ से बाहर जाकर बड़े आयोजन करने की परेशानी का भी समाधान होगा।

समारोह को संबोधित करते हुए पार्षद एवं पूर्व मेयर देवेश मोदगिल।

इस सम्मान समारोह को राम मंदिर सभा के अध्यक्ष रविन्द्र सूद,  सीनियर सिटीजन फोरम के अध्यक्ष डीएस बिंद्रा, रेजिडेंट वेल्फेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष जेजे सिंह,  महासचिव अजय सिंगला, प्रोफेसर निर्मल दत्त, केएस धालीवाल व केएल खन्ना ने भी संबोधित किया तथा इस बैंक्विट हॉल के लिए किए गए प्रयासों पर पार्षद एवं पूर्व मेयर देवेश मोदगिल का धन्यवाद व सम्मान किया। 

इस अवसर पर अरुण अग्रवाल, बनवारी लाल शर्मा, अनूप शर्मा, सुखविंदर सुखी, जसज्योत सिंह अलमस्त, विजय शर्मा, करण वासुदेव,  सुधागनी जॉन, रवि कुमार, रेजिडेंट वेल्फेयर एसोसिएशन सेक्टर 47-सी एवं डी, रेजिडेंट वेल्फेयर एसोसिएशन सेक्टर-48, मार्केट वेल्फेयर एसोसिएशन,  राम मंदिर सभा,  आर्मी वेल्फेयर एसोसिएशन, चंडी कुष्ठ आश्रम, श्रीराम लीला कमेटी, सीनियर सिटीजन फोरम, आदर्श लाइब्रेरी ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं स्थानीय वरिष्ठ नागरिक विशेष रूप से उपस्थित हुए।

error: Content can\\\'t be selected!!