चंडीगढ़ की जनता मुफ्त की रेवड़ियां नहीं, शहर का विकास चाहती है: अरुण सूद

धनास में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सियाराम ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थामा

CHANDIGARH, 4 SEPTEMBER: ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स धनास में आज आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सियाराम ने अपने समर्थकों के साथ चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद की उपस्थिति में भाजपा का दामन थाम लिया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दविंदर सिंह, प्रदेश महामंत्री रामबीर, जिला अध्यक्ष सतिंदर सिद्धू, वरिष्ठ नेता अजय शर्मा, रविंद्र ठाकुर, सोनू गुप्ता, मटरू तमिल, सुरेंद्र सिसोदिया, बबलू भारती, प्रह्लाद तिवारी, प्रदीप यादव आदि भी उपस्थित रहे।

इस मौके पर भारी जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि देश की जनता बहुत समझदार है। उसे समझ आने लगा है कि लुभावने तरीकों से कुछ दल सत्ता हासिल कर लेते हैं और बाद में उसी जनता को लूटने का काम करते हैं। सूद ने कहा कि मुफ्त की रेवड़ियां लोगों की जेब काटकर ही दी जाती हैं। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ की जनता मुफ्त की रेवड़ियां नहीं, शहर का विकास चाहती है।

अरुण सूद ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो व्यक्ति कहता है कि वह आम आदमी है और आम आदमी की तरह रहकर जनता की सेवा करेगा, मिलता-जुलता रहेगा, वो 48 करोड़ के महल में रहता है और उनके कई मंत्री भ्रष्टाचार के अरोप में जेल की हवा खा रहे हैं। आज केजरीवाल से पूछिए जो शुरूआती दौर में उनके साथ चले थे, एक-एक करके उनको क्यों छोड़कर जा रहे हैं। सूद ने कहा कि सियाराम और उनके सभी साथियों का भाजपा का दामन थामने पर हार्दिक स्वागत है और भारतीय जनता पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं की तरह इन सभी को भी पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा।

इस अवसर पर भाजपा में शामिल हुए सियाराम ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेताओं की कथनी और करनी में बड़ा अंतर् है। आम आदमी पार्टी अपने मूल पथ से भटक चुकी है और आम जन की सेवा की बजाय ख़ास जन की सेवा और अपने भ्रष्टाचार को छुपाने में लगी है। इतना ही नहीं, आम कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। इसी अनदेखी के चलते उन्होंने आम आदमी पार्टी को छोड़ने का मन बनाया और राष्ट्रवादी विचारधारा वाली भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास के कार्यों तथा गरीबों के लिए कल्याणकारी योजनाओं से प्रभावित होकर भाजपा का दामन थामा है।

गौरतलब है कि चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद के समक्ष स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याओं को रखते हुए कहा कि स्थानीय AAP पार्षद ने आने-जाने वाले रास्ते पर दीवार बनाकर सभी को परेशान किया हुआ है। इस पर अरुण सूद ने मौके पर ही दीवार को जल्द हटवाने का आश्वासन दिया। विधवा पेंशन लगवाने में आ रही समस्या को समझते हुए सूद ने आश्वासन दिया कि इस समस्या को भी तुरंत हल किया जाएगा। सूद ने स्थानीय लोगों की समस्याओं के निवारण के लिए भाजपा नेताओं की एक कमेटी बनाने का भी आश्वासन दिया।

error: Content can\\\'t be selected!!